ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट पर सबकी निगाहें! कल होगा फैसला, काउंटिंग से पहले माहौल गर्म

West Bengal Counting: पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे कल यानी कि 4 मई को जनता के सामने आ जाएंगे. इन सब के बीच बंगाल में सबसे ज्यादा चर्चा भवानीपुर सीट पर है. यही वजह है कि यहां अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है. इस सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी चुनाव लड़ रहे हैं. अब इस हाई-प्रोफाइल सीट समेत पूरे राज्य के नतीजों का इंतजार खत्म होने वाला है, क्योंकि वोटों की गिनती कल यानी 4 मई को सुबह 8 बजे से शुरू होगी.
भवानीपुर को लंबे समय से ममता बनर्जी का गढ़ माना जाता है, लेकिन इस बार मुकाबला पहले से ज्यादा कड़ा नजर आ रहा है. राजनीतिक माहौल इतना गरम है कि मतगणना से एक दिन पहले ही आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं.तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि काउंटिंग सेंटर के पास संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं, जिससे चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठे हैं.

ममता ने किया एग्जिट पोल को खारिज
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल को खारिज करते हुए दावा किया है कि उनकी पार्टी 200 से ज्यादा सीटें जीत सकती है.दूसरी ओर कई एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त दिखाई गई है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है. यह तो कल यानी की सोमवार को ही तय होगा कि बंगाल में ममता सरकार बनी रहेगी या फिर 15 साल पुराना किला कल ढह जाएगा.
भवानीपुर पर टिकी सबकी निगाहें
भवानीपुर सीट की अहमियत सिर्फ एक विधानसभा सीट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे चुनाव का राजनीतिक संकेत भी मानी जा रही है, यहां का परिणाम यह तय करेगा कि बंगाल की राजनीति में किसका पलड़ा भारी रहेगा.
अब सबकी निगाहें कल सुबह शुरू होने वाली काउंटिंग पर टिकी हैं.कुल मिलाकर, भवानीपुर की लड़ाई सिर्फ एक सीट की नहीं बल्कि सियासी प्रतिष्ठा की जंग बन चुकी है. हालांकि चुनाव के नतीजों से पहले ही बंगाल में कोने-कोने पर भारी फोर्स तैनात की गई है. सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद हैं कि किसी भी हालत में हिंसा न हो पाए.











