MP में ड्रॉप आउट स्टूडेंट्स दोबारा पढ़ाई शुरू करेंगें, सरकार ने ‘शिक्षा घर योजना’ को मंजूरी दी

MP News: मध्य प्रदेश में उन किशोरों और युवाओं के लिए खुशखबरी है, जिन्हें किसी कारण से अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी थी. मोहन सरकार ने ‘शिक्षा घर योजना’ को मंजूरी दे दी है. इस योजना के तहत ड्रॉप आउट करने वाले स्टूडेंट्स की पढ़ाई सरकार शुरू करवाएगी. गुरुवार को मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग की हुई बैठक में सरकार ने ये फैसला लिया है. इसके लिए सरकार ने विभाग को योजना शुरू करवाने के लिए तैयारी करने के निर्देश दिए हैं.
14 योजनाओं को जारी रखने की दी सहमति
सीएम डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में 14 योजनाओं को जारी रखने पर सहमति बनी है. इसके साथ ही ‘शिक्षा घर योजना’ को शुरू करने के निर्देश दिए हैं. इसमें ऐसे स्टूडेंट्स को फायदा मिलेगा, जिन्होंने 8वीं के बाद फेल होने या फिर किसी अन्य कारण से पढ़ाई छोड़ दी है. ‘शिक्षा घर योजना’ को शुरू करने का सरकार का उद्देश्य ड्रॉप आउट रेट को कम करना है.

बता दें योजना के तहत सरकार ड्रॉप आउट करने वाले किशोर-किशोरियों या युवाओं को उनके घर के आसपास या फिर अन्य स्थानों पर पढ़ाई करने की व्यवस्था करवाएगी.
‘सुरक्षा और शिक्षा प्राथमिकता’
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि सरकार की दो सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकता सुरक्षा और शिक्षा हैं. शिक्षित होने के साथ ही प्रदेश और देश तरक्की कर सकता है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सम्राट विक्रमादित्य को भी स्कूल के सिलेबस में शामिल करने के निर्देश दिए हैं.
मुख्यमंत्री ने सभी योजनाओं के क्रियान्यवनय के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि जितने भी स्कूलों की बिल्डिंग में खामियां है, उनमें मरम्मत करवाकर दुरुस्त करवाएं. सीएम ने कहा कि स्कूलों में अव्यवस्था के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित ना हो।











