रायपुर, बिलासपुर व दुर्ग में 14 से चल सकती है लू, तापमान बढ़ने की संभावना

रायपुर। राजधानी समेत दुर्ग व बिलासपुर में 14 अप्रैल को लू चलने की संभावना है। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। इससे तीनों संभागों में पारा 42 डिग्री या इससे ऊपर जा सकता है। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 39 व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

शनिवार को राजनांदगांव पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रहा। वहां पारा 38.4 डिग्री पर रहा। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से साढ़े 3 डिग्री तक कम है। मौसम शुष्क होने के कारण प्रदेश में अधिकतम तापमान में क्रमश: बढ़ोत्तरी हो रही है। अगले चार दिन झुलसाने वाली गर्मी की शुरूआत होने की संभावना है। अप्रैल के 11 दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम है। इसका मतलब ये है कि पिछले सालों की तुलना में गर्मी कम पड़ रही है। ऊपरी हवा के चक्रवात सिस्टम से पिछले दिनों अंधड़ चल रही थी और कई इलाकों में बारिश भी हुई। राजधानी में भी बादल छाए रहे और बारिश हुई। कहीं-कहीं ओले भी गिरे। इससे दिन व रात ज्यादा गर्म नहीं है।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button