29 सितंबर से उरकुरा फाटक बंद
Urkura crossing closed from September 29.

रायपुर। रेलवे प्रशासन की ओर से मांढर-उरकुरा स्टेशनों के बीच स्थित समपार फाटक क्रमांक 414 पर जरूरी तकनीकी कार्य के चलते उरकुरा रेलवे फाटक 29 सितंबर की रात 10 बजे से बंद किया जाएगा। यह कार्य पूरा होने तक फाटक से सड़क यातायात बंद रहेगा। रेलवे के अनुसार, कार्य सामान्य परिस्थितियों में 30 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे तक पूरा होने की संभावना है। मांढर-उरकुरा रेलवे स्टेशनों के बीच समपार क्रमांक 414 किलोमीटर क्षेत्र में नई रेलवे लाइन से संबंधित कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में रेलवे ट्रैक पर चेक रेल लगाने का काम किया जाएगा। इस कार्य के दौरान कर्मचारियों और मशीनरी की आवाजाही तथा तकनीकी कार्य के लिए फाटक को बंद रखना आवश्यक होगा। रेलवे फाटक बंद रहने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि 29 सितंबर की रात 10 बजे के बाद इस फाटक से आवागमन की योजना न बनाएं और जरूरत पडऩे पर वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।











