लालू परिवार में कलह: रोहिणी बोलीं- चप्पल दिखाई, गंदी गालियां दीं

पटना/नई दिल्ली. विधानसभा चुनाव में राजद की भारी पराजय के बाद पार्टी सुप्रीमो लालू यादव के परिवार में कलह गहरा गई है। यह कलह लालू की राजनीतिक विरासत और बेटा बनाम बेटी की बहस तक चली गई है। एक दिन पहले परिवार व राजनीति से नाता तोड़ने वाली लालू की बेटी रोहिणी ने रविवार को गंभीर आरोप लगाया कि उन्हें गंदी गालियां दी गईं और चप्पल दिखाई। मुझे यह कहा गया कि करोड़ों रुपए और टिकट लिया तथा पिता को अपनी गंदी किडनी लगवा दी।
रोहिणी ने कहा कि उनसे उनका मायका छीन लिया गया। उन्होंने आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया, इसलिए उन्हें बेइज्जती झेलनी पड़ी। रोहिणी ने सवाल उठाया कि एक परिवार में केवल बेटियों से ही त्याग की उम्मीद क्यों की जाती है, खासकर जब भाई हों। शाम को रोहिणी की तीन बहनें राजलक्ष्मी, रागिनी व चंदा भी पिता का घर छोड़कर ससुराल चली गईं।

तेजस्वी बोले- घर जाओ, रोने लगे लालू-राबड़ी
सूत्रों से पता चला है कि शनिवार को लालू यादव के घर पर चुनाव में भारी हार पर तेजस्वी और बहनों में बहस हुई। रोहिणी ने हार की समीक्षा और जिम्मेदारी की बात कहते हुए तेजस्वी के सहयोगी संजय यादव और रमीज पर निशाना साधा तो तेजस्वी उग्र हो गए। उन्होंने रोहिणी को गालियां दीं और उस पर चप्पल फेंकी। तेजस्वी ने यह भी कह दिया कि उनका इस घर से कोई लेना-देना नहीं, वह अपने घर (ससुराल) जाए। सूत्रों के अनुसार तेजस्वी ने कहा कि रोहिणी की बद्दुआ के कारण चुनाव हारे। इस दौरान लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बहनों राजलक्ष्मी, रागिनी और चंदा ने रोहिणी का पक्ष लेते हुए बीच बचाव किया। रोहिणी ने दावा किया कि लालू-राबड़ी और बहनें रोने लगे।
तुम्हारी हाय लगी, इसलिए हारे
तुम्हारे ही कारण चुनाव हार गए, तुम्हारी हाय लग गई हम लोगों को। करोड़ों रुपए लेकर पापा को अपनी गंदी किडनी दे दी। यहां क्या कर रहे हो, जाओ अपने घर…’ – तेजस्वी यादव (सूत्रों के अनुसार)
एक बेटी मजबूरी में रोते हुए मां-बाप बहनों को छोड़ आई, मुझसे मेरा मायका छुड़वा कर अनाथ बना दिया गया। मायके में कोई मेरे रास्ते पर न चले, किसी घर में रोहिणी जैसी-बहन बेटी पैदा न हो।’ -रोहिणी आचार्य











