प्रदेशभर के 1852 स्कूली खिलाडिय़ों को बोर्ड परीक्षाओं में मिलेंगे बोनस अंक

राष्ट्रीय शालेय और राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में इस वर्ष 1852 स्कूली खिलाडिय़ों को बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे। इनमें 10वीं के 852 और 12वीं के 1000 स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हैं। खेलों के अलावा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में स्काउट गाइड, एनसीसी, एनएसएस, साक्षरता जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी बोनस अंक दिए जाते हैं। इस वर्ष 871 स्काउट व गाइड के छात्रों को बोनस अंक के लिए चुना गया है, जिनमें 10वीं के 539 और 12वीं के 332 विद्यार्थी शामिल हैं। विद्या भारती के 31 स्कूली छात्रों को बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे। वहीं, एनसीसी का एकमात्र छात्र बोनस अंक का पात्र पाया गया है।
रायपुर के सबसे ज्यादा विद्यार्थी शामिल
स्कूली खिलाडिय़ों में बोनस अंक पाने वालों में सबसे ज्यादा रायपुर जिला के छात्र शामिल हैं। रायपुर की 10वीं के 109 और 12वीं के 112 विद्यार्थी बोनस अंक के पात्र पाए गए हैं। बिलासपुर की 10वीं के 89 और 12वीं के 73 छात्रों को और दुर्ग की 10वीं में 74 व 12वीं में 73 विद्यार्थियों को बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे। बस्तर जिला के कुल 97 स्कूली छात्रों को बोनस अंक मिलेंगे, जिनमें 10वीं के 52 और 12वीं के 45 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
बोनस अंक देने के ये नियम
बोर्ड परीक्षा में खेल, स्काउट गाइड, एनसीसी, एनएसएस, साक्षरता जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को बोनस अंक दिए जाते हैं। यह बोनस अंक राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन के आधार दिए जाते हैं। राज्य स्तर पर पदक जीतने पर 10 अंक, राष्ट्रीय स्तर के लिए 15 अंक और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए 20 अंक बोनस के रूप में प्रदान करने का नियम है।











