एसईसीएल में 1 जून से लागू होगा नया ड्रेस कोड, कर्मचारियों को क्या मिलेगा फायदा? जानें

एसईसीएल में कर्मचारियों के लिए नया यूनिफॉर्म ड्रेस कोड लागू करने का आदेश जारी कर दिया गया है। एसईसीएल मुख्यालय से जारी निर्देश के अनुसार आगामी 1 जून से पूरे एसईसीएल में नया ड्रेस कोड प्रभावी हो जाएगा। यह निर्णय कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) द्वारा यूनिफॉर्म ड्रेस कोड योजना में किए गए संशोधन के बाद लिया गया है।
कंपनी ने सभी महाप्रबंधकों, विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र, उपक्षेत्र, यूनिट और विभाग में कार्यरत कर्मचारियों को नए ड्रेस कोड की जानकारी दें तथा यह सुनिश्चित करें कि 1 जून से सभी कर्मचारी निर्धारित यूनिफॉर्म में ही कार्यालय पहुंचें।
वार्षिक अग्रिम राशि 12,500 रुपए में कोई बदलाव नहीं
सीआईएल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 490वीं बैठक में ड्रेस कोड में बदलाव को मंजूरी दी गई थी, जिसके बाद कोल इंडिया प्रबंधन ने आदेश जारी किया। अब उसी के पालन में एसईसीएल स्तर पर भी आदेश लागू कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत यूनिफॉर्म के लिए मिलने वाली वार्षिक अग्रिम राशि 12,500 रुपए में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन इसके उपयोग और बिल जमा करने के नियमों को सरल बना दिया गया है। पहले यह राशि केवल तीन जोड़ी यूनिफॉर्म खरीदने तक सीमित थी, जबकि अब कर्मचारी अपनी आवश्यकता अनुसार तीन या उससे अधिक जोड़ी यूनिफॉर्म खरीद सकेंगे।

सभी कर्मचारियों को समान रूप से पूरा लाभ मिलेगा
इसके साथ ही जीएसटी बिल जमा करने की समय सीमा भी एक महीने से बढ़ाकर दो महीने कर दी गई है। इससे कर्मचारियों को यूनिफॉर्म खरीदने और बिल जमा करने के लिए अधिक समय मिलेगा तथा जल्दबाजी से राहत मिलेगी। कंपनी ने एक और महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए उन कर्मचारियों को भी पूरी राशि देने का निर्णय लिया है, जिनकी सेवा अवधि छह महीने से कम बची है। पहले ऐसे कर्मचारियों को केवल 50 प्रतिशत राशि ही मिलती थी। अब यह प्रावधान समाप्त कर दिया गया है और सभी कर्मचारियों को समान रूप से पूरा लाभ मिलेगा। हालांकि रिटायर होने वाले कर्मचारियों के लिए कंपनी ने अलग प्रावधान भी जोड़ा है।
क्या बदला नए ड्रेस कोड में
1 जून से पूरे एसईसीएल में नया ड्रेस कोड लागू
यूनिफॉर्म एडवांस राशि 12,500 रुपए यथावत
अब तीन से अधिक यूनिफॉर्म खरीदने की अनुमति
जीएसटी बिल जमा करने की अवधि 1 महीने से बढ़ाकर 2 महीने
छह महीने से कम सेवा अवधि वाले कर्मचारियों को भी पूरी राशि
कर्मचारियों को क्या मिलेगा फायदा
जरूरत के अनुसार यूनिफॉर्म खरीदने की सुविधा
बिल जमा करने के लिए अतिरिक्त समय
अंतिम समय में जल्दबाजी से राहत
सभी कर्मचारियों को समान लाभ
नियम सरल होने से प्रक्रिया आसान होगी
पुरुष कर्मचारी ड्यूटी के दौरान ग्रे-शर्ट और ब्लैक पैंट पहनेंगे
पुरुष कर्मचारी ग्रे शर्ट और ब्लैक पेंट पहनेंगे, वहीं महिला कर्मचारियों के लिए पहले की तरह दो विकल्प रखे गए हैं। वे ग्रे या मैरून रंग की फॉर्मल शर्ट और काली पैंट पहन सकती हैं या फिर ग्रेमैरून रंग का कुर्ता, कमीज, काली सलवार और दुपट्टा का सेट चुन सकती हैं। कर्मचारी चाहें तो इन विकल्पों मिश्रित रूप से अपना सकते हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यूनिफॉर्म ड्रेस कोड से जुड़े अन्य सभी नियम पहले की तरह ही लागू रहेंगे। प्रबंधन का मानना है कि इस नए ड्रेस कोड से कार्यस्थल पर एकरूपता को बढ़ावा मिलेगा।











