‘पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल संयम से करें’, PM मोदी की 24 घंटे में दो बार अपील, बोले-सोने की खरीद टालें

Modi On Petrol Diesel: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करने की अपील की है. प्रधानमंत्री मोदी की 24 घंटे में ये दूसरी बार अपील है. प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के वडोदरा में सबोधित करते हुए अपील की है कि हमको सोने की खरीद को टालना चाहिए. सोने की खरीद की जरूरत नहीं है.
‘पश्चिम एशिया युद्ध दशक की सबसे बड़ी समस्या‘
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘पिछले कुछ वर्षों से दुनिया लगातार अस्थिर परिस्थितियों से गुजर रही है. पहले कोरोना, वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां और अब मिडिल ईस्ट में युद्ध की स्थिति है. इन सबका असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है. अगर कोरोना महामारी इस सदी का सबसे बड़ा संकट था तो पश्चिम एशिया में युद्ध की बनी स्थितियां इस दशक की सबसे बड़ी समस्या है. अगर हमने कोरोना से मिलकर लड़ लिया तो इस परिस्थिति से भी पार पा जाएंगे. सरकार चाहती है कि कम से कम असर हो. ऐसे समय में देश को जन भागीदारी की जरूरत है. भारतीय होने के नाते हमको अपने कर्तव्य की भागीदारी देनी होगी. जब भी देश बड़े संकट से गुजरा है. तो ऐसे में सभी नागरिकों ने अपना दायित्व निभाया है. आज भी हम अपनी भागीदारी निभाएंगे.’
‘देश पर दोहरा संकट है’
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, ‘आप जानते हैं भारत कितने सारे उत्पादों को मंगवाने के लिए लाखों डॉलर खर्च करता है. इस समय सप्लाई चेन पूरी तरह तहस-नहस हो चुकी है. इसलिए देश पर ये दोहरा संकट है. जैसे बूंद-बूंद से घड़ा भरता है, वैसे ही हमको हर छोटे-बड़े उत्पादों का उपयोग कम करना है, जो विदेश से आते हैं. भारत के बड़े आयात का हिस्सा क्रूड ऑयल है. दुर्भाग्य से जिस इलाके से दुनियाभर में सबसे ज्यादा ऑयल की सप्लाई होती है. वही क्षेत्र संकट और युद्ध की स्थिति से उलझा हुआ है. जब तक हालात सामान्य नहीं होते हमको छोटे-छोटे संकल्प लेने होंगे.’
‘मेट्रो, इलेक्ट्रिक बसों में ज्यादा सफर करें’
प्रधानमंत्री मोदी ने वडोदरा में संबोधित करते हुए आगे कहा, ‘आप पर तो मेरा ज्यादा हक है, इसलिए हक से कहने वाला हूं. मेरी देश के हर नागरिक से अपील है. मेट्रो, इलेक्ट्रिक बस, पब्लिक बस, कार पुलिंग को बढ़ावा दें. जिनके पास कार है, वे एक गाड़ी में ज्यादा लोगों को साथ लेकर चलें. ईवी वाले दूसरों की मदद के लिए आगे आएं.’
‘स्कूलों में ऑनलाइन व्यवस्था की जाए’
प्रधानमंत्री मोदी ने संभावित संकट से बचने के लिए डिजिटल टेक्नॉलजी का इस्तेमाल करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा, ‘डिजिटल टेक्नॉलजी ने हमारे काम को आसान बना दिया है. ये जरूरी है सरकार और प्राइवेट दोनों दफ्तरों में वर्चुअल मीटिंग और वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था हो. स्कूलों में ऑनलाइन व्यवस्था पर भी काम करें.’
‘लोकल फॉर वोकल को जन आंदोलन बनाएं’
प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार लोकल फॉर वोकल पर ध्यान देने की बात कही है. उन्होंने कहा, देश की मु्द्रा केवल ईंधन पर ही खर्च नहीं होती है. बल्कि खाने के तेल पर भी काफी खर्च होता है. अगर खाने की तेल की खपत कम करें तो देश और सेहत दोनों को लाभ होगा.’
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘मैं आपके परिवार का सदस्य हूं. सोने की आयात पर भी देश का बहुत बड़ा पैसा विदेश जाता है. जबतक हालात सामान्य नहीं हों सोने की खरीद को टालें. गोल्ड की जरूरत नहीं है. साथियों आज समय की मांग है कि हम वोकल फॉल वोकल को जन आंदोलन बनाएं. विदेशी की जगह लोकल उत्पादों को अपनाएं. अपने गांव, अपने शहर और अपने देश में बने उत्पादों को खरीदकर अपने देश के उद्यमियों को ताकत दें.’











