सिर्फ सातवीं तक पढ़ीं मीरा सिखा रही आधुनिक खेती, दिया 60 लोगों को रोजगार
छत्तीसगढ़ की महिला किसान बनीं देशभर के किसानों के लिए मिसाल

देश में अक्सर यह धारणा बनाई जाती है कि बड़ी सफलता के लिए ऊंची शिक्षा और बड़े संसाधनों की जरूरत होती है, लेकिन छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना विकासखंड स्थित ग्राम भदरपाली की मीरा पटेल ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया है। महज कक्षा सात तक पढ़ी मीरा पटेल ने अपने साहस, मेहनत और आधुनिक सोच के बल पर खेती को ऐसा सफल उद्यम बना दिया है कि आज उनके खेत सिर्फ उनके परिवार की आय का जरिया नहीं, बल्कि आसपास के गांवों के 60 से अधिक लोगों की आजीविका का आधार बन चुके हैं। उनकी सफलता का असर इतना व्यापक है कि अब एमबीए और कृषि स्नातक युवा भी उनके खेतों में पहुंचकर आधुनिक खेती और कृषि उद्यमिता के मॉडल को समझ रहे हैं।
एक समय ऐसा था जब मीरा पटेल का परिवार केवल साढ़े चार एकड़ भूमि पर पारंपरिक धान की खेती करता था। खेती से होने वाली सीमित आय परिवार के सालभर के खर्च, बच्चों की पढ़ाई और भविष्य की जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं थी। आर्थिक तंगी इतनी थी कि उनके पति भजन पटेल मोटरसाइकिल पर बैंगन लादकर गांव-गांव और स्थानीय बाजारों में बेचते थे ताकि परिवार का खर्च चल सके। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर वैज्ञानिक और व्यावसायिक खेती अपनाने का निर्णय लिया और यही फैसला उनके जीवन का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुआ।
आधे एकड़ से शुरू हुआ बदलाव
साल 2016 में मीरा पटेल ने केवल आधे एकड़ भूमि में परवल की खेती का प्रयोग किया। पहले ही वर्ष उम्मीद से अधिक लाभ मिलने के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने धीरे-धीरे सब्जी उत्पादन का दायरा बढ़ाना शुरू कर दिया। आज उनका परिवार करीब 20 एकड़ क्षेत्र में मिर्च, खीरा, गोभी, बैंगन, करेला, टमाटर सहित कई नकदी सब्जियों की वैज्ञानिक पद्धति से खेती कर रहा है।
उन्होंने खेती में मिट्टी परीक्षण, ड्रिप सिंचाई, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण बीज, फसल चक्र और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाया। इसका परिणाम यह हुआ कि उत्पादन बढ़ा, लागत नियंत्रित हुई और आय में कई गुना वृद्धि दर्ज की गई। आज उनकी खेती लाभकारी कृषि मॉडल के रूप में पहचानी जा रही है।

खुद आत्मनिर्भर बनीं, अब 60 परिवारों की आजीविका का सहारा
मीरा पटेल की उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं है। उनके खेतों में भदरपाली, खरोरा, अंतरला सहित आसपास के गांवों के करीब 60 महिला और पुरुष श्रमिकों को पूरे वर्ष नियमित रोजगार मिलता है। हर वर्ष लगभग 21 हजार से अधिक मानव-दिवस का रोजगार सृजित हो रहा है और मजदूरी के रूप में 30 से 35 लाख रुपये सीधे ग्रामीण परिवारों तक पहुंच रहे हैं।
जो परिवार कभी स्वयं रोजगार और आय के लिए संघर्ष कर रहा था, वही आज दर्जनों परिवारों की आर्थिक मजबूती का आधार बन चुका है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में उनका योगदान स्थानीय स्तर पर एक सफल कृषि उद्यमी के रूप में नई पहचान बना चुका है।
किसानों के लिए बना ‘लर्निंग सेंटर’
मीरा और उनके पति भजन पटेल का खेत अब केवल उत्पादन का केंद्र नहीं, बल्कि प्रशिक्षण का केंद्र भी बन चुका है। महासमुंद, रायपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार सहित कई जिलों के किसान उनके खेतों में पहुंचकर आधुनिक सब्जी उत्पादन, ड्रिप सिंचाई, फसल प्रबंधन और कृषि उद्यमिता की बारीकियां सीख रहे हैं। अनेक किसान उनके मॉडल को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

महिला सशक्तीकरण और कृषि उद्यमिता की नई पहचान
मीरा पटेल की कहानी केवल एक किसान की सफलता नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत में महिला सशक्तीकरण, आधुनिक कृषि और आत्मनिर्भरता की प्रेरक मिसाल है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि सीमित शिक्षा और कम संसाधन सफलता की राह में बाधा नहीं बनते। यदि सोच सकारात्मक हो, मेहनत ईमानदार हो और बदलाव अपनाने का साहस हो तो आधे एकड़ से शुरू हुआ सफर हजारों लोगों के लिए प्रेरणा बन सकता है।
आज मीरा पटेल फुलझर अंचल ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में आधुनिक खेती, ग्रामीण रोजगार सृजन और महिला नेतृत्व वाली कृषि उद्यमिता की मजबूत पहचान बन चुकी हैं। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि भारत का किसान यदि तकनीक, नवाचार और बाजार की समझ के साथ आगे बढ़े तो खेती केवल जीविका नहीं, बल्कि सम्मानजनक और समृद्ध भविष्य का सबसे मजबूत माध्यम बन सकती है।











