पीएम मोदी और अमित शाह को लेकर राहुल गांधी का विवादित बयान, BJP का पलटवार- ये देश का अपमान

rahul Gandhi PM Modi: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार बीजेपी और पीएम मोदी पर निशाना साध रहे हैं. उत्तर प्रदेश के रायबरेली में आयोजित एक जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला है. अपने भाषण में राहुल ने जनता से कहा कि आपका प्रधानमंत्री और आपका गृह मंत्री गद्दार है. राहुल के इस बयान पर बीजेपी ने भी पलटवार किया है. यही वजह है कि जिसके कारण सियासी पारा हाई हो गया है.
जनसभा में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी और बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के आरोपों को लेकर हमला बोला है. उन्होंने दावा किया कि देश का आर्थिक ढांचा कुछ चुनिंदा कारोबारियों के हित में काम कर रहा है, जबकि आम जनता और छोटे व्यापारी दबाव में हैं.

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि चुनावों से पहले जनता से बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन अब हालात अलग दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया.
राहुल के बयान पर बीजेपी ने किया पलटवार
राहुल गांधी के बयान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर जोरदार पलटवार किया है. बीजेपी नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी ने सिर्फ प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ही नहीं, बल्कि देश की जनता का भी अपमान किया है. उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका माथा ज्यादा गरम हो गया है और वे लगातार मर्यादा तोड़ने वाले बयान दे रहे हैं.
बयान के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी
बीजेपी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस लगातार आक्रामक भाषा का इस्तेमाल कर रही है. ताकि राजनीतिक माहौल को गर्माया जा सके, जबकि कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान भटका रही है. राहुल गांधी के इस बयान के बाद एक बार फिर देश की राजनीति में बयानबाजी का स्तर चर्चा का विषय बन गया है.











